संघर्ष को दी मात: भानुप्रतापपुर की बेटी तिरांजली अब बड़े पर्दे पर, 8 मई को रिलीज होगी पहली फिल्म

भानुप्रतापपुर। कहते हैं कि अगर इरादे फौलादी हों तो बस्तर के छोटे से गांव की पगडंडियों से निकलकर सुनहरे पर्दे तक का सफर भी तय किया जा सकता है। इसे सच कर दिखाया है भानुप्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम कन्हारगांव की बेटी तिरांजली गोस्वामी ने। वर्षों के कड़े संघर्ष और संसाधनों के अभाव को पीछे छोड़ते हुए तिरांजली अब छत्तीसगढ़ी फिल्म “मोला लव होगे” में बतौर मुख्य अभिनेत्री नजर आएंगी। यह फिल्म आगामी 8 मई को प्रदेश के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
पिता के साये के बिना तय किया सफर
तिरांजली के जीवन की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। जब वे महज छटवीं कक्षा में थीं, तब उनके पिता का निधन हो गया। परिवार पर आए इस वज्रपात ने उन्हें कम उम्र में ही जिम्मेदारियों का अहसास करा दिया। बड़ी बेटी होने के नाते उन्होंने अपनी मां का संबल बनते हुए घर और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाया। विपरीत परिस्थितियों के कारण उन्होंने ओपन स्कूल से अपनी शिक्षा जारी रखी और वर्तमान में वे स्नातक अंतिम वर्ष की छात्रा हैं।
रायपुर का रुख और करियर का टर्निंग पॉइंट
बचपन से ही कला, नृत्य और गायन में रुचि रखने वाली तिरांजली ने साल 2025 में एक बड़ा फैसला लिया और राजधानी रायपुर पहुंच गईं। यहाँ उन्होंने थिएटर और डांस क्लास के जरिए अभिनय की बारीकियों को सीखा। उनकी मेहनत रंग लाई और जल्द ही उन्हें म्यूजिक एलबम्स में काम मिलना शुरू हुआ।
म्यूजिक चार्टबस्टर से सिल्वर स्क्रीन तक
तिरांजली अब तक 20 से अधिक म्यूजिक वीडियो में नजर आ चुकी हैं। साल 2026 में उनके कई गीतों ने सोशल मीडिया पर धूम मचा रखी है, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- निंदिया आराम से
- नई कहव आई लव यू
- काजल काजल
- डोंट टच माय घाघरी

वर्ष 2023 में ‘मिस कांकेर’ का खिताब जीतने वाली तिरांजली अब अनुमोद फिल्म्स के बैनर तले बनी फिल्म “मोला लव होगे” से छत्तीसगढ़ी सिनेमा जगत में कदम रख रही हैं।
इरादे हों मजबूत तो सफलता निश्चित: तिरांजली
अपनी सफलता पर तिरांजली कहती हैं कि, “एक छोटे से गांव से निकलकर फिल्म इंडस्ट्री में जगह बनाना आसान नहीं था। बिना किसी गॉडफादर के यहाँ तक पहुँचने का आधार सिर्फ मेहनत और आत्मविश्वास है।” उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार और क्षेत्र की जनता के समर्थन को दिया है।
तिरांजली की यह सफलता न केवल भानुप्रतापपुर बल्कि पूरे बस्तर अंचल के युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा है कि प्रतिभा किसी पहचान या बड़े शहर की मोहताज नहीं होती।
Live Cricket Info






