भाजपा सरकार अंधेरे में डूबी, सड़कों पर तड़प-तड़प कर जान दे रहे गौ-वंश: रवि दुग्गा

भानुप्रतापपुर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भानुप्रतापपुर के ब्लॉक प्रवक्ता रवि दुग्गा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज केवल नेशनल हाईवे अंधेरे में नहीं डूबा है, बल्कि पूरी भाजपा सरकार ही अंधेरे में डूब चुकी है। सरकार की नाकामी और अनदेखी के कारण सड़कों पर दिन-रात गाय-बैल बैठे रहते हैं और आए दिन भीषण हादसों का शिकार हो रहे हैं।
ब्लॉक प्रवक्ता रवि दुग्गा ने हाल ही में राष्ट्रीय राजमार्ग 30 (कानापोंड के पास) हुए भीषण हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि लखनपुरी से चारामा तक नेशनल हाईवे पर गौ-वंश का जमावड़ा लगा रहता है। कानापोंड में हुई घटना का मुख्य कारण डिवाइडर की स्ट्रीट लाइटों का बंद होना है। संबंधित विभाग गहरी नींद में सोया हुआ है, स्ट्रीट लाइटें जलती नहीं हैं, जिसके कारण गौ-वंश के साथ-साथ आम लोग भी हादसों का शिकार होकर अपनी जान गंवा रहे हैं।
उन्होंने भाजपा की राजनीति पर हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए बेफिजूल के मुद्दों पर पुतला दहन का नाटक करते हैं। नेशनल हाईवे पर हुए इतने बड़े हादसे में कई गायों की दर्दनाक मौत हो गई, क्या इस पर भाजपा नेता पुतला दहन करेंगे? भाजपा सरकार के संरक्षण में मिलावटी शराब बेचने का भंडाफोड़ हुआ है, उस पर भाजपा नेता कब पुतला फूकेंगे?
रवि दुग्गा ने आगे कहा:
गौठान योजना बंद करने का खामियाजा: पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने सड़कों पर घूमते लावारिस मवेशियों के लिए ‘गौठान योजना’ शुरू की थी, जिससे गौ-वंश को आश्रय मिला था। लेकिन भाजपा सरकार ने आते ही द्वेष भावना से इस योजना को बंद कर दिया, जिसके कारण आज पूरे प्रदेश में सड़कों पर गाय-बैल भटकने को मजबूर हैं।
गो-धाम योजना केवल कागजी ढिंढोरा: भाजपा सरकार ने ‘गो-धाम’ के नाम पर नया ढिंढोरा तो पीटा, लेकिन जमीनी धरातल पर इसका कोई क्रियान्वयन नजर नहीं आ रहा है। संरक्षण के नाम पर केवल बातें की जा रही हैं, जबकि जमीनी हकीकत में आए दिन गौ-माता बलिदान दे रही हैं। स्थानीय निवासी ही जेसीबी से मृत गौ-वंशों का अंतिम संस्कार करने को विवश हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक श्रीमती सावित्री मंडावी ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। विधायक सावित्री मंडावी ने भी सरकार के गौ-संरक्षण के दावों को महज दिखावा करार देते हुए कहा कि यदि सरकार को गौ-वंश की वास्तव में चिंता होती, तो अपनी योजनाओं को धरातल पर लागू करती, न कि चालू योजनाओं को बंद करती।
ब्लॉक प्रवक्ता रवि दुग्गा ने मांग की है कि नेशनल हाईवे एवं लखनपुरी-चारामा मार्ग की बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराया जाए और सड़कों पर घूम रहे गौ-वंश के सुरक्षित रखरखाव हेतु त्वरित ठोस कदम उठाए जाएं, अन्यथा कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

Live Cricket Info





