भानुप्रतापपुर के पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में नवप्रवेशी स्वागत समारोह संपन्न, ईश्वर गावड़े चुने गए संयुक्त अध्यक्ष

भानुप्रतापपुर । नवीन पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास, भानुप्रतापपुर में रविवार को प्रतिवर्ष की भांति नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर भानुप्रतापपुर अंचल एवं आसपास के विभिन्न छात्रावासों से आए विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाज से आदिवासी देव बूढ़ादेव के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में शासकीय महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर रितेश नाग, जिला पंचायत सदस्य देवलाल नरेटी, दुर्गकोंदल जनपद पंचायत उपाध्यक्ष आनंद तेता, सर्व आदिवासी समाज कोयलीबेड़ा के अध्यक्ष सहदेव उसेंडी, भूतपूर्व अधीक्षक कामदेव टेकाम, अरुण सिंह ठाकुर, प्रोफेसर खिलेश्वर कोसमा, डॉ. कुमार सिंह टोप्पा, भावेश चक्रवंशी, पंचायत अधिकारी संत हिड़को, पीटीआई सावित्री नरेटी, शिक्षक मनोहर कोर्राम एवं अधिवक्ता राजेश कुमार मरकाम सहित अनेक जनप्रतिनिधि व प्रबुद्धजन बतौर अतिथि उपस्थित रहे।
साथ ही विशिष्ट अतिथियों में पीएमटी बालिका छात्रावास भानुप्रतापपुर की अधीक्षिका देवकी मांडवी, कांकेर पीएमटी के संयुक्त अध्यक्ष सूरज गोयल तथा अंतागढ़, नारायणपुर, जगदलपुर व स्थानीय प्री एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों के वरिष्ठ व कनिष्ठ छात्र मंचासीन रहे।

विद्यार्थियों को दी गई साइबर फ्रॉड से बचाव की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान भानुप्रतापपुर थाने से आई PSI सुष्मिता सिंह एवं SI प्रेम कुमार ने विद्यार्थियों को वर्तमान में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने छात्रों को अनजान कॉल, ओटीपी साझा न करने तथा किसी भी प्रकार की वित्तीय ठगी या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करने की सलाह दी।

छात्र संगठन की नई कार्यकारिणी गठित
समारोह के दौरान छात्र संगठन की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया, जिसमें ईश्वर गावड़े को संयुक्त अध्यक्ष चुना गया। इसके बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। अतिथियों ने नवागंतुक विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की, जिस पर छात्रों ने भी अपने जीवन के लक्ष्यों को साझा किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छात्रावास अधीक्षक सोमेश्वर ठाकुर ने की, जबकि मंच का सफल संचालन स्थायी अध्यक्ष रोहित कडियाम एवं उपाध्यक्ष उदयभान मांडवी द्वारा किया गया। पूरे आयोजन को अनुशासित व सफल बनाने में छात्रावास के समस्त विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा।

Live Cricket Info






