प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना बनी ग्रामीणों का सहारा, हितग्राही को मिला 2 लाख का क्लेम

भानुप्रतापपुर। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम व्यक्ति तक पहुँचने लगा है। भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से संचालित प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत ग्राम पंचायत कलंगपुरी के एक परिवार को दुःख की घड़ी में बड़ी आर्थिक राहत मिली है।
2 लाख रुपये की मिली क्लेम राशि
ग्राम पंचायत कलंगपुरी के पुजारीपारा निवासी मानक लाल भुआर्य की पत्नी त्रिसीया भुआर्य (45 वर्ष) का निधन दिसंबर 2025 में हो गया था। मृतका इस योजना के तहत बीमित थीं। एसबीआई कियोस्क संचालक राजेश ठाकुर के सक्रिय सहयोग से कागजी प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद 18 मार्च को बैंक द्वारा 2 लाख रुपये की क्लेम राशि सीधे हितग्राही मानक लाल के खाते में हस्तांतरित कर दी गई।
जागरूकता से बढ़ रहे हैं क्लेम के आंकड़े
बैंक प्रबंधक नितेश तारक ने बताया कि बैंक और कियोस्क संचालकों के प्रयासों से ग्रामीणों में बीमा योजनाओं को लेकर जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने बताया सफलता की दर: पिछले वित्तीय वर्ष में जहाँ 9 लोगों को क्लेम मिला था, वहीं इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 17 तक पहुँच गई है।
सस्ती सुरक्षा: प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में मात्र 436 रुपये सालाना और सुरक्षा बीमा योजना में केवल 20 रुपये सालाना के प्रीमियम पर 2 लाख रुपये तक का सुरक्षा कवच मिलता है।
“भारत सरकार द्वारा बैंकों के माध्यम से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। हमारा उद्देश्य है कि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। दुःखद समय में कागजी प्रक्रिया के लिए भी कियोस्क संचालक ग्राहकों की पूरी मदद करते हैं।”
— राजेश ठाकुर, एसबीआई कियोस्क संचालक
हितग्राही ने जताया आभार
मुसीबत के समय में बैंक द्वारा तत्परता से की गई इस आर्थिक सहायता के लिए हितग्राही मानक लाल भुआर्य ने एसबीआई बैंक प्रबंधन और कियोस्क संचालक के प्रति आभार व्यक्त किया है। बैंक प्रबंधक ने सभी खाताधारकों से अपील की है कि वे इन योजनाओं का लाभ अवश्य लें ताकि अनहोनी की स्थिति में परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
Live Cricket Info





