सम्बलपुर बाजार में वन विभाग की कार्यशाला, ग्रामीणों को किया वनों के प्रति जागरूक

भानुप्रतापपुर। वन परिक्षेत्र भानुप्रतापपुर के तत्वावधान में बुधवार को सम्बलपुर के साप्ताहिक बाजार स्थल पर वनों के संरक्षण और अग्नि सुरक्षा को लेकर एक दिवसीय विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह से ही विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर बाजार आने वाले ग्रामीणों को वनों के महत्व और उन्हें आग से बचाने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अग्नि सुरक्षा और सूचना तंत्र पर जोर
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य वनों को ग्रीष्मकाल में लगने वाली आग से सुरक्षित रखना था। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि वनों में आग लगने से न केवल बेशकीमती लकड़ियाँ जलकर राख हो जाती हैं, बल्कि छोटे पौधे और वन्यजीवों को भी भारी नुकसान पहुँचता है। विभाग ने अपील की कि यदि कहीं भी वनों में आग लगने की घटना दिखे, तो इसकी सूचना तत्काल वन विभाग के कर्मचारियों को दें ताकि समय रहते उसे नियंत्रित किया जा सके।

मानव जीवन के लिए वनों का महत्व
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने मानव जीवन में पेड़ों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वनों के बिना स्वस्थ जीवन की कल्पना करना असंभव है। ग्रामीणों को वनों की अवैध कटाई रोकने और नए पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बढ़ते प्रदूषण और असंतुलित पर्यावरण को केवल वनों के विस्तार से ही सुधारा जा सकता है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति
इस जागरूकता कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वन विभाग के आला अधिकारियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ग्राम सरपंच अनिता रावटे, गौरव चोपड़ा उपसरपंच, डीएफओ ऋषभ जैन, श्री आईपी गैंदले एसडीओ , श्री पंकज पटेल रेंजर, श्री मुकेश निषाद डिप्टी रेंजर, श्री छबि लाल कुमेटी एवं वन विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
Live Cricket Info





