भानुप्रतापपुर: प्रकृति प्रेमियों के लिए खास बनेगा ‘नेचर पार्क’, सीसीएफ ने निरीक्षण कर दिए आधुनिक सुविधाओं के निर्देश

भानुप्रतापपुर। क्षेत्र की जैव विविधता को सहेजने और नगरवासियों को प्रकृति के करीब लाने के उद्देश्य से विकसित किए गए भानुप्रतापपुर वन परिक्षेत्र के ‘नेचर पार्क’ की सूरत आने वाले दिनों में और भी निखरने वाली है। गुरुवार को मुख्य वन संरक्षक कांकेर, राजेश कुमार चंदेले ने पार्क का औचक निरीक्षण किया और इसे और अधिक बेहतर व सुविधापूर्ण बनाने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
विस्तार और सौंदर्यीकरण पर जोर
निरीक्षण के दौरान सीसीएफ चंदेले ने पार्क की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पार्क की सुरक्षा और सुंदरता को बढ़ाने के लिए चारों तरफ बाउंड्रीवॉल, टहलने के लिए व्यवस्थित पाथवे और विभिन्न प्रजातियों के रंगीन फूलों व औषधीय पौधे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्क को इस तरह विकसित किया जाए कि यहां आने वाले लोगों को शांति और शुद्ध वातावरण का अनुभव हो।

दीवारों पर उकेरी गई कलाकृति बनी आकर्षण का केंद्र
पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार और सामने की दीवारों पर बनाई गई आकर्षक पेंटिंग्स वर्तमान में लोगों का मन मोह रही हैं। इन कलाकृतियों ने पार्क की सुंदरता में चार चांद लगा दिए हैं, जिसकी अधिकारियों ने भी सराहना की। पार्क के विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए सीसीएफ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है। रेंजर पंकज पटेल को नए विकास कार्यों का विस्तृत एस्टीमेट (प्रस्ताव) तैयार करने को कहा गया है। निरीक्षण के दौरान डीएफओ ऋषभ जैन, आईपी गैंदले, डिप्टी रेंजर मनोज निषाद सहित वन विभाग का अमला मौजूद रहा।

स्थानीय लोगों की पहली पसंद बना पार्क
वर्तमान में यह नेचर पार्क स्थानीय लोगों के लिए मुख्य केंद्र बन चुका है। यहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। विशेषकर मॉर्निंग वॉक और शाम को टहलने वालों के लिए यह सबसे पसंदीदा जगह साबित हो रही है। नए बदलावों के बाद यहां पर्यटकों और स्थानीय निवासियों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।
Live Cricket Info





