भानुप्रतापपुर: बुलेट पर निकले ‘आम’ बनकर आईपीएस, न काफिला न शोर; सादगी देख दंग रह गए लोग
सिंघम स्टाइल भानुप्रतापपुर की सड़कों पर बुलेट पर दिखे IPS आकाश श्रीश्रीमाल, सादगी ने जीता दिल।

भानुप्रतापपुर। नगर की यातायात व्यवस्था और जमीनी हकीकत जानने के लिए जब एक पुलिस अधिकारी सड़क पर उतरा, तो न वहां सायरन की गूंज थी और न ही गाड़ियों का लंबा काफिला। नव-पदस्थ आईपीएस अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल ने सोमवार को एक अनोखी मिसाल पेश करते हुए बुलेट पर सवार होकर पूरे नगर का भ्रमण किया। बिना किसी तामझाम के निकले ASP श्रीश्रीमाल ने नगर के प्रमुख मार्गों का जायजा लिया। सिर पर हेलमेट और सादे अंदाज में बुलेट चलाते अधिकारी को अधिकांश नगरवासी पहचान तक नहीं पाए। यही कारण रहा कि IPS अधिकारी ने तो नगर की व्यवस्थाओं को करीब से देख लिया, लेकिन नगरवासी अपने बीच मौजूद इतने बड़े अधिकारी को पहचान नहीं सके।
नियमों का दिया कड़ा संदेश
अक्सर देखा जाता है कि पुलिस और प्रशासन के नाम पर नियमों की अनदेखी की जाती है, लेकिन ASP ने खुद हेलमेट पहनकर बाइक चलाकर यह संदेश दिया कि “कानून सबके लिए बराबर है।” उनका यह कदम विशेष रूप से उन युवाओं के लिए प्रेरणा बना, जो बिना सुरक्षा उपकरणों के वाहन चलाते हैं। आईपीएस आकाश श्रीश्रीमाल के इस “ग्राउंड जीरो” निरीक्षण की चर्चा अब पूरे नगर में हो रही है। लोग उनके इस कार्यशैली की सराहना कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने बंद दफ्तरों के बजाय सड़क पर उतरकर जनता की समस्याओं को समझने को प्राथमिकता दी।
Live Cricket Info





