भानुप्रतापपुर अस्पताल की बदहाली: एक्सरे फिल्म नदारद, मरीज बेहाल, ‘भगवान भरोसे’ चल रही स्वास्थ्य व्यवस्था

भानुप्रतापपुर। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों अव्यवस्थाओं का केंद्र बन गया है। अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का बुरा हाल है, जिससे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ताजा मामला एक्सरे फिल्म की किल्लत का है, जिसके कारण पिछले तीन दिनों से मरीज अस्पताल के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें बैरंग लौटना पड़ रहा है।
तीन दिनों से एक्सरे सेवा ठप, मरीज परेशान
अस्पताल में एक्सरे फिल्म खत्म होने के कारण गंभीर रूप से घायल और बीमार मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है। शुक्रवार को ग्राम संबलपुर से आए संतोष तिवारी ने बताया कि वे अपनी बेटी का एक्सरे कराने अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन फिल्म न होने की बात कहकर उन्हें मना कर दिया गया। संतोष जैसे दर्जनों मरीज पिछले तीन दिनों से भटक रहे हैं, पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं निकाला जा रहा है।
सुविधाओं का टोटा: न दवा, न डॉक्टर
मरीजों का आरोप है कि अस्पताल में केवल एक्सरे ही नहीं, बल्कि जरूरी इंजेक्शन और दवाओं का भी अक्सर अभाव रहता है। इसके अलावा, डॉक्टरों की समय पर उपलब्धता न होना एक बड़ी समस्या बन चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि भानुप्रतापपुर का यह शासकीय अस्पताल अब पूरी तरह से ‘भगवान भरोसे’ चल रहा है।
जीवन दीप समिति के फंड पर सवाल
अस्पताल की छोटी-मोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए ‘जीवन दीप समिति’ का गठन किया गया है, जिसके कोष में हर महीने लाखों रुपये की राशि जमा होती है। नियमतः इस राशि का उपयोग आपातकालीन दवाओं और आवश्यक सामग्री की खरीदी के लिए किया जाना चाहिए।
बड़ा आरोप: स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ते हुए सारा दोष सरकार और ऊपर से होने वाली सप्लाई पर डाल देता है। चर्चा है कि समिति की राशि का उपयोग मरीजों की सुविधा के बजाय अधिकारियों की मीटिंग और नाश्ते-पानी के खर्चों में किया जा रहा है।
जनता में आक्रोश
क्षेत्र की जनता में स्वास्थ्य विभाग की इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द एक्सरे फिल्म उपलब्ध कराई जाए और जीवन दीप समिति के खर्चों की जांच की जाए ताकि गरीब मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।
Live Cricket Info





